
भोपाल। जिला खाद्य प्रशासन ने सोमवार को पिज्जा हट और आनंदम रेस्टोरेंट में जांच की. दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं. रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. इन दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ दो शिकायतें पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन को मिली थी. पहला मामला होशंगाबाद रोड स्थित पिज्जा हट का है, जिसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई थी कि ऑनलाइन मंगाए गए पास्ता का खाने के बाद बच्चे के होंठ और गाल पर सूजन आ गई। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पास्ता, व्हाइट बेस, चीज़ और चीज़ स्प्रेड के नमूने लिए. वहीं, दूसरा मामला लालघाटी स्थित आनंदम रेस्टोरेंट का है, जहां लस्सी में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद निरीक्षण किया गया. टीम ने लस्सी के अलावा दही, पनीर, सोया चाप और बेसन के भी नमूने एकत्र किए. प्रतिष्ठान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
