
भोपाल, 22 जनवरी. परवलिया इलाके में रहने वाली एक महिला ने ब्लेड से खुद का गला काट लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है. प्रांरभिक पूछताछ में पता चला है कि महिला गंभीर की बीमारी से ग्रसित थी, जिसके कारण वह परेशान रहती थी. जानकारी के अनुसार क्रांति अहिरवार पत्नी धर्मेंद्र अहिरवार (29) ग्राम मुबारकपुर में रहती थी और गृहणी थी. महिला का पति मजदूरी करता है. सोमवार-मंगलवार की रात महिला ने ब्लेड से खुद का गला काट लिया था. परिजनों ने उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने के कारण महिला के मजिस्ट्रियल बयान नहीं हो पाए थे. बुधवार तड़के महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला गंभीर बीमारी से ग्रसित थी. उसके पेट में गठान थी, जिससे उसे कैंसर होने का भय था. करीब पंद्रह दिन पहले भी महिला ने अपना टेस्ट करवाया था. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.
