
जबलपुर। नरसिंहपुर के सुआतला थाना क्षेत्र में कल हुए एक्सीडेंट को लेकर जबलपुर में बवाल मच गया है, सोमवार को शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया। रेत माफिया विवाद सामने आ रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी, एफआईआर की मांग पर आक्रोशितजनों ने चक्काजाम किया। आरोप है कि हत्या को एक्सीडेंट में बदला गया है।
विदित हो कि रविवार देर शाम सुआतला थाना अंतर्गत इंद्रा नगर हाथीनाला के सामने जबलपुर की ओर से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहन ने सड़क किनारे खड़े आधा दर्जन लोगों को बेरहमी से कुचल दिया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन की चपेट में आए लोग सड़क पर दूर जा गिरे।इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना में अब तक कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
पोस्टमार्टम के बाद उनके गृह ग्राम बेलखेड़ा पहुंचे, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
जबलपुर बेलखेड़ा पावला तिराहा में आक्रोशित परिजनों ने शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की।
चार थानों भेड़ाघाट, तिलवारा, पाटन, बेलखेड़ाऔर पुलिस लाइन से पहुंची फोर्स ने मोर्चा सम्हाला। तनावपूर्ण स्थिति के बीच पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी, काफी मशस्कत के चक्काजाम खुला।
