अतिक्रमण हटाए, हाईकोर्ट में कराई गई व्यवस्थित पार्किंग

जबलपुर। उच्च न्यायालय परिसर एवं आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्रात: 9 बजे से तहसील चौक से हाईकोर्ट चौक तथा तहसील चौक से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने तक सडक़ किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण, जिनमें हाथ ठेले, सब्जी विक्रेता एवं गुमटियां यातायात पुलिस व नगर निगम की संयुक्त कार्यवाही से हटवाये जाकर उच्च न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन स्टाफ के दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग सडक़ के दोनों ओर बनाए गए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित रूप से कराई गई।

प्रात: 11 बजे तक पार्किंग स्थल भरने तक अधिवक्ताओं एवं उनके स्टाफ के वाहनों को प्रवेश दिया गया। शेष तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश तहसील चौक से हाईकोर्ट चौक की ओर प्रतिबंधित कर उन्हें मालगोदाम चौराहा मार्ग से गंतव्य की ओर भेजा गया, जिससे न्यायालय क्षेत्र में यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।

इसी प्रकार बीएसएनएल कार्यालय के सामने स्थित मार्ग पर भी अस्थायी अतिक्रमण हटवाकर सडक़ के दोनों ओर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग कराई गई, जिससे सडक़ यातायात के लिए पूरी तरह सुगम बनी रही।

सिर्फ टूव्हीलर को प्रवेश, बाकी मालगोदाम से जाएंगे-

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था प्रतिदिन प्रभावी रहेगी। प्रतिदिन प्रात: 11 बजे के बाद तहसील चौक से हाईकोर्ट चौक की ओर केवल दुपहिया वाहन एवं उच्च न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ताओं एवं अधिकृत स्टाफ के वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अन्य सभी तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों को हाईकोर्ट क्षेत्र की ओर जाने के लिए मालगोदाम चौराहा मार्ग का उपयोग करना होगा। व्यवस्था के सफल संचालन में अधिवक्ताओं, न्यायालयीन स्टाफ एवं आम नागरिकों का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में उप पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संगीता डामोर, थाना प्रभारी यातायात घमापुर निरीक्षक शशि धुर्वे, सूबेदार रोहित तिवारी, श्रीमती रोशनी केशरवानी सहित यातायात पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी द्वारा की गई।

Next Post

भाजपा हाईकमान ने नरोत्तम मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई

Mon Jul 6 , 2026
दतिया। दतिया उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार डॉ. नरोत्तम मिश्रा होंगे। सूत्रों का कहना है कि भाजपा हाईकमान ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का दतिया से चुनाव लड़ना अब तय माना जा रहा है।जल्द ही भारतीय जनता पार्टी उनके नाम का ऐलान करेगी। […]

You May Like