इंदौर: पुलिस कमिश्नरेट ने फरवरी महीने में शहर के थानों के कामकाज की रैंकिंग जारी की है. इसमें बाणगंगा थाना सबसे आगे रहा, जबकि पंढरीनाथ थाना सबसे पीछे रहा. पुलिस ने यह रैंकिंग थानों के काम की गति, लोगों की संतुष्टि और आम लोगों के लिए किए गए प्रयासों को ध्यान में रखकर तैयार की है.पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर लागू की गई इस मूल्यांकन प्रणाली में शहर के 32 थानों के कामकाज की मासिक समीक्षा की जाती है. फरवरी महीने के आंकड़ों का आकलन संबंधित ज़ोन के डीसीपी की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने किया.
रैंकिंग में शामिल मुख्य बिंदु यह थे अपराधों पर नियंत्रण, मामलों का निपटान, लोगों की संतुष्टि और आम लोगों के हित में किए काम. इन बिंदुओं पर सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए ज़ोन-03 का बाणगंगा थाना पहले स्थान पर रहा. वहीं, ज़ोन-04 का पंढरीनाथ थाना औसत कामकाज के कारण अंतिम पायदान पर रहा. ध्यान देने वाली बात यह है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में पंढरीनाथ थाना में नया थाना प्रभारी आया था, जिसका असर रैंकिंग पर दिखा. पुलिस अधिकारी मानते हैं कि इस तरह की रैंकिंग से थानों में काम की गुणवत्ता बढ़ेगी और लोगों के प्रति पुलिस की जिम्मेदारी और जवाबदेही मजबूत होगी.
