त्योहारों पर इंदौर पुलिस हाई अलर्ट, कमिश्नर ने सुरक्षा का ब्लूप्रिंट किया लागू

इंदौर: आगामी रामनवमी, महावीर जयंती और हनुमान जयंती को लेकर पुलिस ने शहरभर में हाई अलर्ट घोषित कर व्यापक सुरक्षा ब्लूप्रिंट लागू कर दिया है. पुलिस कमिश्नर ने संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त बंदोबस्त, ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए निगरानी तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश देते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़ा एक्शन प्लान लागू किया है.

पलासिया स्थित सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने शहर में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) आरके सिंह सहित सभी डीसीपी, एडीसीपी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे. कमिश्नर ने निर्देशित किया कि प्रमुख धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पिकेट स्थापित किए जाएं तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए.

इसके साथ ही पेट्रोलिंग पार्टियों को लगातार सक्रिय रखते हुए हर गतिविधि पर नजर रखने को कहा गया है. त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, शोभायात्रा और चल समारोहों के लिए आयोजकों से अनुमति की पुष्टि करने और उन्हें निर्धारित शर्तों का पालन कराने के निर्देश दिए. आयोजकों को स्वयंसेवकों की व्यवस्था तय करने के लिए भी कहा है, ताकि भीड़ नियंत्रण में सहयोग मिल सके. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई जाएगी, वहीं सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पूर्व में विवादित रहे स्थानों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने, भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग करने तथा एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा मेले, उर्स और अन्य आयोजनों में सुरक्षा मानकों के पालन की समय-समय पर जांच करने और सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है.

Next Post

ई-चालान जमा न करने पर पोर्टल पर हुए ट्रांजेक्शन ब्लॉक, 243 पर कार्रवाई

Wed Mar 25 , 2026
जबलपुर: परिवहन विभाग ने उन वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, जिनके नाम पर 20 या उससे अधिक ई-चालान लंबित हैं। विभाग ने कुल 243 वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया और उन्हें भौतिक रूप से उपस्थित होकर चालान तामील कराने के लिए बुलाया है। अनुशासन बनाए रखने […]

You May Like

मनोरंजन