कोलकाता, (वार्ता) अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल के सूचना एवं संस्कृति विभाग का कैबिनेट मंत्री स्तर का सलाहकार नियुक्त किया गया है।कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार (पीएआर) प्रकोष्ठ के निर्देश पर राज्य सरकार ने छह अक्टूबर को अधिसूचना जारी कर श्री चक्रवर्ती को अगले आदेश तक इस पद पर नियुक्त किया। अधिसूचना में कहा गया है कि नियुक्ति ‘जनहित’ में की गयी है।
यह नियुक्ति श्री चक्रवर्ती द्वारा पश्चिम बंगाल में शूटिंग के लिए आने वाली फिल्मों को 30 प्रतिशत सब्सिडी देने का प्रस्ताव रखे जाने के कुछ सप्ताह बाद हुई है। तीन सितंबर को महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के समक्ष यह प्रस्ताव रखने की जानकारी दी थी।
श्री चक्रवर्ती ने कहा था कि यदि पश्चिम बंगाल के फिल्म उद्योग को उसके गौरवशाली दौर में वापस ले जाना है तो राज्य की ओर से 30 प्रतिशत सब्सिडी दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया था कि यह प्रोत्साहन जरूरी नहीं कि नकद दिया जाए, बल्कि करों में समायोजन के रूप में भी दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा था कि वह फिल्म उद्योग और संबंधित महासंघों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्ताव पर चर्चा कर इसका विस्तृत स्वरूप मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। श्री अधिकारी ने फिल्म जगत को सरकार के समर्थन का आश्वासन देते हुए प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
