
राजगढ़।शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को राजगढ़ में परंपरानुसार विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई. चुनरी यात्रा का साक्षी बनकर उसमें अपनी भागीदारी निभाने जन सैलाब उमड़ पड़ा. नगर से चुनरी यात्रा कई किमी चलकर माँ जालपा माता मंदिर धाम पहुंची जहां माता रानी को चुनरी ओढ़ाई गई.
हजारों श्रद्धालुओं ने करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर माँ जालपा देवी को 1111 मीटर लम्बी चुनर ओढ़ाई. जनमानस में श्रद्धा और भक्ति का संगम देखते ही बन रहा था.
15 वर्षो से जारी है चुनरी यात्रा
नवरात्रि में हिन्दू चेतना मंच और विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 15 वर्षों से भव्य चुनरी यात्रा निकाली जा रही है. राजमहल प्रांगण से कन्या पाद पूजा और आरती के साथ यात्रा का परंपरागत शुभारंभ हुआ. चुनरी यात्रा में बैंडबाजे, डीजे, ढोल नगाड़ो की धुन पर युवा जमकर नाचे.
रास्ते भर हुई पुष्पवर्षा
चुनरी यात्रा राजमहल प्रांगण से शुरू हो कर बड़ चौक, मैन मार्केट, नाक न 3, बायपास रोड, खिलचीपुर नाका होते हुए पहाड़ी पर स्थित सिद्ध पीठ माँ जालपा के धाम पहुंची. जगह- जगह श्रदालुओं, व्यापारियों, झांकी समितियों, राजनैतिक, सामाजिक, सेवाभावी संगठनों के सदस्यों के द्वारा पुष्पवर्षा कर जल पान और फलहार वितरण के साथ स्वागत किया गया. आयोजन के दौरान जगह- जगह पुलिस बल तैनात रहा. हिन्दू चेतना मंच के अध्यक्ष बृज मोहन सरावत, विश्व हिन्दू परिषद के तेजेन्द्र उपाध्याय, मयंक जायसवाल, लखन गुर्जर ने सफल आयोजन पर जनमानस के प्रति आभार माना है.
