
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने एमपी बोर्ड की 10वीं-12वीं और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 10वीं के परीक्षा परिणामों में सफल हुए छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम है, और उन्हें इसी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ते हुए देश के भविष्य का नेतृत्व करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि में योगदान देने वाले अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी। साथ ही कम अंक पाने या असफल रहे छात्रों को निराश न होने की सलाह देते हुए कहा कि यह केवल एक पड़ाव है, अंतिम मंजिल नहीं।
खण्डेलवाल ने बताया कि एमपी बोर्ड के ऐसे छात्र जो फेल, अनुपस्थित रहे या अपने अंक सुधारना चाहते हैं, वे 7 मई 2026 से शुरू होने वाली परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। यह निर्णय मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में लिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू नई शिक्षा नीति ने शिक्षा को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया है। इसके चलते शासकीय स्कूलों के परिणामों में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
अंत में उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि जीवन में सफलता के कई अवसर मिलते हैं, इसलिए असफलता से सीख लेकर दोबारा प्रयास करें और अपने लक्ष्य को हासिल करें।
