घर में काम करने आई युवती ने ही उड़ाए थे जेवर

इंदौर: परदेशीपुरा क्षेत्र में घर में काम करने आई युवती द्वारा सोने के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर उससे करीब ढाई लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के भाई की शादी होने वाली थी और पैसों की जरूरत के चलते उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

अतिरिक्त डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदा नगर में दीपक पंचोली के घर से सोने के आभूषण चोरी होने की घटना का पुलिस ने तुरंत खुलासा कर दिया. मामले में घर पर काम करने आई युवती को ही आरोपी पाया और उसे गिरफ्तार कर लिया. मामला इस प्रकार हैं कि नंदा नगर में रहने वाले दीपक पंचोली ने दो दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से दो सोने के मंगलसूत्र पेंडल, एक मांग टीका, एक सोने की चैन, छह मोती और कान की बालियां चोरी हो गई हैं.

फरियादी ने शक जताया था कि घर में काम करने आई युवती ममता कुशवाह ने मौका पाकर घर के ऊपरी हिस्से से जेवर चुरा लिए. शिकायत के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी आरडी कानवा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, टीम ने भागीरथपुरा और आसपास के क्षेत्रों में करीब आठ घंटे तक लगातार सर्च अभियान चलाया और आरोपी युवती को चिन्हित कर पकड़ लिया.
पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली. आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने के दो मंगलसूत्र पेंडल, एक मांग टीका, एक चैन, छह मोती और सोने की बालियां बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है. जांच में सामने आया कि आरोपी ममता कुशवाह उम्र 18 साल निवासी भागीरथपुरा के भाई की शादी होने वाली है और पैसों की जरूरत के चलते उसने घर में काम करने के दौरान जेवर देखकर चोरी की योजना बना ली. आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

पार्किंग में आग से तीन प्राइवेट बसें जलकर हो गईं राख

Sun Mar 15 , 2026
इंदौर:भंवरकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन इमली स्थित प्राइवेट बस पार्किंग में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से हडक़ंप मच गया. आग की चपेट में आकर पार्किंग में खड़ी तीन प्राइवेट बसें जलकर खाक हो गईं.फायर ब्रिगेड के एसआई संतोष दुबे ने बताया कि रात में बस पार्किंग में आग […]

You May Like