मार्कशीट गिरवी रखकर रचता था नौकरी का खेल, 313 छात्रों का भविष्य बनाया बंधक

इंदौर. नौकरी की तलाश में शहर आए विद्यार्थियों को निशाना बनाकर मूल अंकसूचियों के जरिए वसूली करने वाले कंसलटेंसी संचालक का खेल विजयनगर पुलिस ने उजागर किया है. आरोपी नौकरी लगवाने का झांसा देकर छात्रों की 10वीं और 12वीं की मूल मार्कशीट अपने पास रख लेता था और बाद में उन्हें वापस करने के लिए प्रति मार्कशीट 5 हजार रुपए मांग रहा था. पुलिस ने आरोपी के ऑफिस से 313 विद्यार्थियों की मूल अंकसूचियां बरामद की हैं.

जोन 2 स्थित सभागार में ली गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि सोनकच्छ में रहने वाला 29 वर्षीय मयंक सर्राफ ने आर्बिट मॉल में एजेडएफए इंटरप्राइजेज नाम से कंसलटेंसी ऑफिस खोल रखा था. यहां वह निजी कंपनियों और संस्थानों में नौकरी दिलाने का काम करने का दावा करता था. नौकरी के लिए संपर्क करने वाले विद्यार्थियों से वह दस्तावेज के नाम पर उनकी मूल मार्कशीट ले लेता था. कुछ विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की कि नौकरी मिलने के बाद भी उनकी मार्कशीट वापस नहीं की जा रही है. जब उन्होंने दस्तावेज मांगे तो आरोपी ने पैसे की मांग शुरू कर दी. शिकायतों के बाद विजयनगर पुलिस ने जांच शुरू की और मामले का खुलासा हुआ. पुलिस कार्रवाई में एडीसीपी अमरेंद्र सिंह और विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल की टीम शामिल रही.

313 छात्रों की मार्कशीट मिलीं…

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के आर्बिट मॉल स्थित ऑफिस की तलाशी ली. वहां से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की 313 मूल मार्कशीट बरामद हुईं. पुलिस अब इन सभी विद्यार्थियों से संपर्क कर उनके दस्तावेज लौटाने की प्रक्रिया कर रही है.

छात्रों को धमकाने का भी आरोप

कुछ पीड़ित विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि रुपए नहीं देने पर आरोपी उन्हें धमकाता था. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने कितने विद्यार्थियों से इस तरह दस्तावेज लिए और कितनों से रुपए वसूले.

नौकरी दिलाने का दावा, निजी कंपनियों का नाम जांच में

आरोपी विद्यार्थियों को निजी कंपनियों और संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देता था. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कितने विद्यार्थियों से संपर्क किया गया, कितनों के दस्तावेज लिए और इस पूरे खेल में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं.

अमन सिंह राठौड़, डीसीपी जोन 2

फैक्स फाइल…

कागज नहीं, छात्रों का भविष्य था आरोपी के कब्जे में

313 विद्यार्थियों की मूल मार्कशीट बरामद

10वीं और 12वीं के दस्तावेज शामिल

मार्कशीट लौटाने के बदले मांग रहा था 5 हजार रुपए

आर्बिट मॉल में खोल रखा था कंसलटेंसी ऑफिस

Next Post

जनजागरूकता अभियानों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस द्वारा सम्मान

Mon Jul 20 , 2026
दमोह।पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) द्वारा सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दमोह में जिले व आसपास के क्षेत्र के उन सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को सम्मानित किया गया, जिन्होंने दमोह पुलिस के विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका निभाई है।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि […]

You May Like