
मंडला।मवई विकासखंड के नक्सल प्रभावित ग्राम पंचायत बांदरवाड़ा की एकमात्र संपर्क पुलिया हाल ही में हुई तेज बारिश में टूट गई, जिससे ग्राम टटमा, मालाझोला और मरगवाड़ा सहित पूरे क्षेत्र का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह पुलिया कई वर्षों से जर्जर हालत में थी। समय-समय पर मरम्मत की मांग की गई, पर प्रशासन ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई। अब पुलिया टूटने से दर्जनों गांवों के हजारों लोग परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा और आपातकालीन सेवाओं से पूरी तरह वंचित हो गए हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि वाहन तो क्या, पैदल निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस घटना ने क्षेत्र में विकास योजनाओं की वास्तविकता और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन इस समस्या का शीघ्र समाधान करे और पुलिया निर्माण कार्य अविलंब शुरू किया जाए।
