आष्टा। वन विभाग द्वारा वर्षाकाल के दौरान वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में गोविंदपुरा-पीथपुरा बीट में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने जेसीबी की सहायता से 20 एकड़ से अधिक वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया. कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खेती की तैयारी कर रहे अतिक्रमणकारियों के कब्जे को हटाकर भूमि को पुन: वन विभाग के नियंत्रण में लिया गया.
टीम ने अतिक्रमित क्षेत्र में सीपीटी एवं अन्य संरचनाएं तैयार कर भूमि को सुरक्षित किया, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके. साथ ही वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रिचार्ज पिट भी बनाए गए.
रेंजर नवनीत झा ने बताया कि वन्य प्राणियों के लिए वर्षा का पानी उपलब्ध रहे, भूमिगत जल स्तर में वृद्धि हो तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले, इसके लिए मौके पर छोटे-छोटे रिचार्ज पिट खुदवाए गए हैं. आने वाले समय में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा. इस कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी सहित वन विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा.
रेंजर नवनीत झा ने कहा कि क्षेत्र में वन माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी. उन्होंने बताया कि अब तक वन विभाग आष्टा की टीम 100 एकड़ से अधिक वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर सुरक्षित करा चुकी है. उन्होंने बताया कि विभाग का लक्ष्य अतिक्रमण मुक्त भूमि का संरक्षण करते हुए वहां पौधरोपण कर हरित क्षेत्र का विस्तार करना है.
