जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत मटामर में रहने वाले ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में कार्यरत एक कर्मचारी का मोबाइल हैक कर शातिर ठगों ने उनके बैंक खाते से 1,91,050 रुपये पार कर दिए। जालसाज ने इस पूरी वारदात को पीड़ित के फोन में मौजूद क्रेड ऐप के जरिए अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम मटामर खमरिया निवासी हेमंत रजक (40) आयुध निर्माणी खमरिया में डीबीडब्ल्यू के पद पर कार्यरत हैं। उनका सैलरी अकाउंट सिविल लाइंस स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा में है। पीड़ित हेमंत ने बताया कि उनके मोबाइल पर खाते से क्रमशः 50 रुपये और 96 हजार रुपये कटने के मैसेज आए।
यह देख उनके होश उड़ गए, क्योंकि उन्होंने ऐसा कोई ट्रांजैक्शन नहीं किया था। तत्काल बैंक पहुंचकर जब उन्होंने खाते की एंट्री कराई और स्टेटमेंट निकलवाया, तो पता चला कि उनके खाते से 95 हजार रुपये गायब हो चुके थे। साइबर अपराधियों ने पीड़ित हेमंत रजक का मोबाइल पूरी तरह हैक कर लिया था और उनके क्रेड ऐप का एक्सेस लेकर तीन बार में कुल 1 लाख 91 हजार 50 रुपये ट्रांसफर किए।
