पेटीएम अपडेट करते ही उड़ गए 3.92 लाख रुपए

इंदौर. मोबाइल पर आए एक फर्जी नोटिफिकेशन पर भरोसा करना फ्रूट व्यापारी को भारी पड़ गया. पेटीएम सस्पेंड होने का संदेश मिलने के बाद व्यापारी ने जैसे ही ऐप अपडेट किया, मोबाइल बंद हो गया. दोबारा चालू होने पर सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में बदमाश उसके खाते से करीब 3.92 लाख रुपए निकाल ले गए. मामले का खुलासा तब हुआ, जब व्यापारी एक ग्राहक को भुगतान नहीं कर सका और बैंक पहुंचा.

विद्याचल कॉलोनी निवासी कल्पेश जैन, जिनका हुकुमचंद मार्ग पर फ्रूट का कारोबार है, ने बताया कि गुरुवार 2 जून को उनके मोबाइल पर पेटीएम सस्पेंड होने का नोटिफिकेशन आया था. कुछ देर बाद पेटीएम अपडेट करने का दूसरा संदेश मिला. उन्होंने उस पर क्लिक कर ऐप अपडेट किया तो मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. दोबारा चालू करने पर पेटीएम ऐप खुलना बंद हो गया. रविवार 5 जून को ग्राहक को भुगतान करने के दौरान ट्रांजेक्शन नहीं होने पर बैंक में जानकारी ली गई. वहां पता चला कि 2 से 5 जून के बीच उनके खाते से आधा दर्जन से अधिक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 3 लाख 92 हजार रुपए निकाल लिए.

पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर की थी. जांच में साइबर ठगी की पुष्टि होने के बाद सराफा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 

 

जिन बैंक खातों और ट्रांजेक्शन के माध्यम से राशि ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

सराफा थाना प्रभारी, राजकुमार लिटोरिया

Next Post

सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा, 4 लाख के आभूषण बरामद, आरोपी गिरफ्तार 

Wed Jul 15 , 2026
नीमच / मनासा । जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नकबजनी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य […]

You May Like