मैहर: लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले की जांच के सिलसिले में राजस्थान पुलिस मैहर जिले के ग्राम डेल्हा पहुंची। पुलिस ने डेल्हा निवासी दो युवकों से पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर मैहर थाने लाई, जहां आगे की कार्रवाई की गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीकांत लखेर, जो डेल्हा में ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता है, तथा राजन साकेत, जो पेशे से ड्राइवर है, के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला जून 2025 का बताया जा रहा है। आरोप है कि दोनों युवक एक साइबर ठग महिला के जाल में फंस गए। महिला ने वीडियो कॉल के दौरान दोनों का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसके आधार पर उन्हें ब्लैकमेल करने लगी। जब दोनों आरोपी महिला की पैसों की मांग पूरी नहीं कर सके, तब महिला ने उनसे एक बैंक खाते की व्यवस्था करने को कहा।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने अपने नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसकी यूजर आईडी और पासवर्ड महिला को उपलब्ध करा दिए। आरोप है कि इसके बाद महिला ने उसी बैंक खाते का इस्तेमाल कर साइबर ठगी से प्राप्त लाखों रुपये का लेन-देन किया।फिलहाल राजस्थान पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
