
दमोह।पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) के नेतृत्व में मंगलवार सुबह पुलिस लाइन दमोह में जनरल परेड का आयोजन किया गया.परेड का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड सलामी लेकर किया गया.इसके उपरांत पुलिस बल द्वारा आकर्षक व अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।
परेड के दौरान विभिन्न टोलियों द्वारा ड्रिल व परेड अभ्यास का प्रदर्शन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को अनुशासन, समयबद्धता, शारीरिक दक्षता व टीम भावना बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा नियमित अभ्यास पर विशेष बल दिया।इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा जवानों को भीड़ नियंत्रण (क्राउड कंट्रोल) की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया गया। इस दौरान बैरिकेडिंग लगाकर कानून-व्यवस्था की स्थिति में प्रभावी भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा घेरा बनाना तथा समन्वित कार्रवाई का अभ्यास कराया गया, जिससे जवान किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
पुलिस बल में आपसी समन्वय, उत्साह व टीम भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा दो टीमों का गठन कर रस्साकसी प्रतियोगिता भी आयोजित कराई गई।प्रतियोगिता में जवानों ने पूरे जोश व उत्साह के साथ भाग लिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए शारीरिक फिटनेस व खेल गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण किया तथा शस्त्रों, अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था व रख-रखाव की विस्तृत जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जनरल परेड के दौरान उत्कृष्ट अनुशासन, बेहतर प्रदर्शन व कर्तव्यनिष्ठा प्रदर्शित करने वाले पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (भापुसे) ने पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की समस्याएं व सुझाव गंभीरतापूर्वक सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र व प्राथमिकता के आधार पर निराकरण का आश्वासन दिया ।
