
बागली ।1996 मैं चंद कावड़ यात्रियों के सहयोग से आरंभ हुई बोल बम कावड़ यात्रा 30वें वर्ष में प्रवेश कर रही हे इस धार्मिक जल यात्रा को लेकर रविवार को ग्राम बोरखेड़ा मे बैठक संपन्न हुई । उक्त बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रदीप सिंह सिसोदिया ने की। विशेष अतिथि के रूप में समाजसेवी रामचंद्र पाटीदार (इकलेरा), एडवोकेट प्रवीण चौधरी (बागली), लेखक राजेंद्र बज (हाट पिपलिया), गायत्री परिवार के रमेशचंद्र मोदी (देवास) तथा कावड़ यात्रा संयोजक गिरधर गुप्ता की उपस्थिति में संपन्न हुई ।बैठक के पूर्व ग्राम बोरखेड़ा के मंदिरों में पूजा-अर्चना तथा मां नर्मदा एवं भगवान भोलेनाथ की आरती की गई। इसके बाद 4 अगस्त को निकालने वाली कावड़ यात्रा की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
इस दौरान पत्रकार एवं लेखक राजेंद्र बज ने सनातन धर्म के पालन को इस लोक और परलोक दोनों के कल्याण का आधार बताया वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण चौधरी ने कावड़ यात्रा को सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का जीवंत प्रतीक बताते हुए इसे “भारत दर्शन” की संज्ञा दी।कावड़ यात्रा संयोजक गिरधर गुप्ता ने कहा कि श्रद्धा और भक्ति से की गई कावड़ यात्रा आत्मशक्ति को जागृत करती है तथा मनोकामनाओं की पूर्ति का माध्यम बनती है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय शक्ति सर्वोपरि है। और उसी की कृपा से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।समाजसेवी रामचंद्र पाटीदार ने सभी कावड़ यात्रियों से अपने-अपने गांवों में पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए मध्यप्रदेश को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेने की बात कही। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदीप सिंह सिसोदिया ने कावड़ यात्रियों के सेवा एवं धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए इस यात्रा को धर्म, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी अभियान बताया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष कावड़ यात्रा 4 अगस्त को धाराजी से प्रारंभ होगी। यात्रा विभिन्न पड़ावों से होती हुई 10 अगस्त को उज्जैन पहुंचेगी तथा 11 अगस्त को श्री महाकालेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा।
बैठक में मालवा अंचल के लगभग 60 गांवों से 400 से अधिक कावड़ यात्रियों ने सहभागिता की।
