डीजल टैंकर जब्त, ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल परिवहन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई तेज

सिंगरौली। जिले में सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर परिवहन विभाग ने जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत नियम तोड़ने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बंधौरा और सासन क्षेत्र में व्यापक वाहन जांच की गई। इस दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर डीजल टैंकर क्रमांक जीजे 27 एक्स 6305 को जब्त कर आरटीओ कार्यालय परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। जांच के दौरान कई मालवाहक वाहन बिना तिरपाल खुले में रेत, गिट्टी, मिट्टी, कोयला और फ्लाई ऐश का परिवहन करते मिले, जिससे प्रदूषण फैलने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था। वहीं कई यात्री वाहन बिना डबल डोर, बिना इमरजेंसी विंडो तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां ढोते पाए गए। ऐसे सभी वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार चालानी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई वाहनों में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र का अभाव, रेडियम रिफ्लेक्टर नहीं लगे होना तथा आवश्यक दस्तावेजों में अनियमितताएं भी सामने आईं। परिवहन विभाग ने ऐसे सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन मालिकों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी।

Next Post

3 माह तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा टाइगर सफारी

Wed Jul 8 , 2026
सीधी। जिले की पहचान संजय टाइगर रिजर्व में 3 माह तक पर्यटकों के लिए टाइगर सफारी बंद रहेगा। 30 जून 2026 को एक पर्यटन सत्र पूरा होने के बाद अब आगामी 3 माह तक यहां प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अक्टूबर से लेकर जून तक 9 माह […]

You May Like