3 माह तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा टाइगर सफारी

सीधी। जिले की पहचान संजय टाइगर रिजर्व में 3 माह तक पर्यटकों के लिए टाइगर सफारी बंद रहेगा। 30 जून 2026 को एक पर्यटन सत्र पूरा होने के बाद अब आगामी 3 माह तक यहां प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अक्टूबर से लेकर जून तक 9 माह में टाइगर रिजर्व का कोर एरिया खुला रहता है जिसमें ऑनलाइन परमिट के माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों को भ्रमण की अनुमति दी जाती है।

वर्तमान वर्ष में 30 जून को एक सत्र पूरा हुआ जिसमें जिप्सी वाहनों से देशी-विदेशी पर्यटकों को वन भ्रमण कराया गया। लगभग 10 हजार पर्यटकों ने वन भ्रमण का आनंद लिया। जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में वन्यजीवों को स्वतंत्र रूप से विचरण करने के लिए छोड़ दिया जाता है और किसी प्रकार का अवरोध न हो इसलिए बरसात में 3 महीने पर्यटन का कोर क्षेत्र भी बंद रहता है। वर्तमान में इस क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन पर परसिली रिजॉर्ट के साथ अन्य होटल खोले गए हैं जिनकी संख्या 7 हो चुकी है। सूत्रों की मांने तो वन विभाग द्वारा अनेक लापरवाहियां सामने आई जिसमें जिप्सी रोस्टर ना होने की वजह से पर्यटक अपनी स्वयं की व्यवस्था बनाने में व्यस्त रहे, जबकि अन्य टाइगर रिजर्व में यह सारी व्यवस्थाएं वन विभाग स्वयं देता है। सीधी का संजय टाइगर रिजर्व इस सुविधा को उपलब्ध कराने में सफल नहीं रहा जिसके चलते कई बार सैलानियों को परेशानी भी उठानी पड़ी है। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते कई बार पर्यटक वाहन के बिना भटकते नजर आए। खास बात है कि एक सीजन में पर्यटन से विभाग को लगभग 50 लाख रुपए का राजस्व आता है जो वन प्रबंधन पर्यटन प्रचार-प्रसार एवं वन से संबंधित अन्य कार्यों में खर्च किया जाता है किन्तु इस क्षेत्र में किसी प्रकार की सुविधा न होने पर विभाग से सहयोग मिलने में कई बार पर्यटकों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

००

ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाती है व्यवस्था

नौ माह तक चले इस पूरे सीजन में यह देखा गया कि प्रोटोकॉल हावी रहा। जबकि आम आदमी के लिए यह सम्पूर्ण व्यवस्था आनलाइन उपलब्ध कराई जाती हैं और विशेष लोगों के लिए सारे नियम दफन हो जाते है। सूत्रों की माने तो पूरे सीजन में गाडिय़ां प्रोटोकॉल में भेजी गई। मूल्य निर्धारण किया जाय तो लाखों रुपए की चपत संजय टाइगर रिजर्व को लगीं हैं। बता दें कि इस बफर जोन का नाम तेजी से फैल रहा है।

००

इनका कहना है

संजय टाईगर रिजर्व में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 30 जून के बाद 3 माह के लिये पर्यटन सेवा बंद हो गई है। अब 1 अक्टूबर से पर्यटन सेवा फिर प्रारंभ होगी।

राजेश कन्ना टी, डीएफओ संजय टाईगर रिजर्व सीधी

०००००००००००

Next Post

नेबूहा बंधा में वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Wed Jul 8 , 2026
सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेबूहा बंधा में बुधवार को लगभग 70 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर बहरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव […]

You May Like