
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण के निर्देशानुसार 19 जून को अनुभागीय अधिकारी हटा के निर्देशन में गठित जांच दल द्वारा हटा नगर में संचालित विभिन्न मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई। जांच दल में जिला औषधि निरीक्षक महिमा जैन शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान हॉस्पिटल के पास स्थित सोमी केमिस्ट, कल्प मेडिकल स्टोर, आनंद मेडिकल स्टोर एवं बजरंग मेडिकल का निरीक्षण किया गया। वहीं श्री बजरंग मेडिकल, सरकार मेडिकल एवं अध्या श्री मेडिकल चंडी जी वार्ड हटा मौके पर बंद पाए गए।जांच के दौरान मेडिकल स्टोर्स में वैध ड्रग लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, शेड्यूल ड्रग्स के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, साफ-सफाई व्यवस्था, एक्सपायरी दवाओं के प्रबंधन तथा प्रतिबंधित दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई। निरीक्षण में कुछ मेडिकल स्टोर्स पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए, जबकि कुछ दुकानों में दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी रिकॉर्ड अपूर्ण मिले। इन अनियमितताओं के संबंध में खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा संबंधित मेडिकल स्टोर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।जिला औषधि निरीक्षक महिमा जैन ने कहा यदि संबंधित पक्षों द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
