नई दिल्ली, 14 मार्च (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कुकिंग गैस की गंभीर कमी से प्रभावित लाखों गिग वर्कर्स को तत्काल वित्तीय सहायता देने की मांग की है।
श्री यादव ने कहा कि पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष के बाद गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके कारण कई रेस्तरां और ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवाएं बंद होने की कगार पर हैं और दिल्ली में करीब 5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि गिग वर्कर्स शहर के अनौपचारिक कार्यबल का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनमें डिलीवरी एजेंट, रसोइये, वेटर और खाद्य व्यवसाय से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं। गैस की अचानक कमी के कारण इनमें से बड़ी संख्या में लोग बेरोजगारी के संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात का पूर्वानुमान लगाने में मोदी सरकार पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण देश में गैस संकट गहराया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी बढ़ गई है और कीमतें 5000 रुपये से ऊपर पहुंच गई हैं। उन्होंने मांग की कि भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित गिग वर्कर्स को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करे।
