मुंबई, 08 जुलाई (वार्ता) बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने तीन दशक से अधिक लंबे फिल्मी करियर में हिंदी सिनेमा की कई सफल फ्रेंचाइजी फिल्मों का नेतृत्व कर अपनी अलग पहचान बनाई है। वेलकम टू द जंगल के रिलीज़ के साथ एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय फिल्म श्रृंखलाओं में अक्षय कुमार की मौजूदगी सबसे मजबूत रही है। वर्ष 1992 में प्रदर्शित खिलाड़ी ने अक्षय कुमार को हिंदी सिनेमा का नया एक्शन स्टार बनाया। कॉलेज कैंपस की पृष्ठभूमि पर बनी इस थ्रिलर फिल्म की सफलता के बाद ‘खिलाड़ी’ उनकी पहचान बन गया।
इसके बाद इस फ्रेंचाइजी में ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’, ‘मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी’, ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’ और ‘खिलाड़ी 420’ जैसी फिल्में आईं, जिन्होंने ‘खिलाड़ी’ ब्रांड को और मजबूत किया। वर्ष 2000 में रिलीज़ हेरा फेरी ने अक्षय कुमार को कॉमेडी का नया आयाम दिया। फिल्म में उनके निभाए ‘राजू’ के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। सुनील शेट्टी और परेश रावल के साथ उनकी तिकड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय कॉमिक जोड़ियों में शामिल है। इसके बाद ‘फिर हेरा फेरी’ रिलीज़ हुई और अब ‘हेरा फेरी 3’ का दर्शकों को इंतजार है।
वर्ष 2010 में शुरू हुई हाउसफुल की सफलता के बाद ‘हाउसफुल 2’, ‘हाउसफुल 3’, ‘हाउसफुल 4’ और ‘हाउसफुल 5’ रिलीज़ हुईं। इस पूरी श्रृंखला में अक्षय कुमार प्रमुख चेहरा रहे और उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
वर्ष 2012 में प्रदर्शित ओह माय गॉड ने अंधविश्वास और आस्था जैसे विषयों को हास्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके बाद ‘ओएमजी 2’ ने यौन शिक्षा और सामाजिक वर्जनाओं जैसे विषयों को उठाकर इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाया। वर्ष 2019 में प्रदर्शित केसरी में अक्षय कुमार ने बैटल ऑफ़ सारागढ़ी में 21 सिख सैनिकों की वीरता को पर्दे पर जीवंत किया। इसके बाद ‘केसरी चैप्टर 2’ के जरिए इस फ्रेंचाइजी का विस्तार किया गया, जिसमें भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के एक अन्य महत्वपूर्ण अध्याय को प्रस्तुत किया गया।
वर्ष 2007 में प्रदर्शित वेलकम हिंदी सिनेमा की सबसे सफल कॉमेडी फिल्मों में शामिल है। इसके बाद फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म ‘वेलकम बैक’ रिलीज़ हुई, जिसमें अक्षय कुमार नजर नहीं आए। अब वेलकम तू द जंगल के साथ अक्षय ने इस फ्रेंचाइजी में वापसी की। बड़े कलाकारों की टोली और पारिवारिक मनोरंजन के साथ यह फिल्म दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही है। इन सभी फ्रेंचाइजी फिल्मों के जरिए अक्षय कुमार ने एक्शन, कॉमेडी, सामाजिक व्यंग्य और ऐतिहासिक कथाओं जैसे विभिन्न विषयों में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है। यही कारण है कि उन्हें हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी फिल्मों का सबसे भरोसेमंद चेहरा माना जाता है।

