सागर में एक अक्टूबर से अग्निवीर भर्ती: 10 जिलों के 11 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

सागर। शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में 01 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली 14 दिवसीय अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन एवं सेना अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया ने सेना के अधिकारियों के साथ भर्ती स्थल का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस भर्ती रैली में सागर, शिवपुरी, छतरपुर, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी, श्योपुर, भिंड, मुरैना एवं ग्वालियर सहित 10 जिलों के लगभग 11 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अभ्यर्थियों की आईडी कार्ड स्कैनिंग, टी-शर्ट वितरण, रजिस्ट्रेशन सेल और बायोमेट्रिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) के लिए तैयार किए गए ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा का जायजा लिया तथा सेना अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।भर्ती स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए भर्ती स्थल पर 24×7 मेडिकल टीम की तैनाती तथा आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सूचनाएं देने के लिए उच्च गुणवत्ता की साउंड/अनाउंसमेंट प्रणाली स्थापित करने को कहा गया। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने, भोजन-नाश्ते तथा रैली समाप्ति के पश्चात उनकी सुगम वापसी के लिए बस एवं अन्य परिवहन साधनों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया कि अभ्यर्थियों के भारी आवागमन को देखते हुए प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और भर्ती परिसर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन और बैरिकेडिंग की व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के कर्नल पंकज कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव, एएसपी नरेंद्र सोलंकी, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, एसडीएम रोहित वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी, सिटी एसपी ललित कश्यप सहित सेना और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

1100 करोड़ रूपये के जल और सीवर कार्यों को मिली स्वीकृति, झाड़ पेड़ पत्तियों से बनेगा वायो बिक्रेट, लगेगा कम्पोस्ट प्लांट

Tue Sep 29 , 2026
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में नगर निगम ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ की अध्यक्षता में आयोजित मेयर इन काउंसिल की बैठक में शहर हित, नागरिकों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण से […]

You May Like