
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में नगर निगम ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ की अध्यक्षता में आयोजित मेयर इन काउंसिल की बैठक में शहर हित, नागरिकों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
शहर के देवतुल्य नागरिकों को बेहतर जल आपूर्ति और जल निकासी की सुगम व्यवस्था देने के उद्देश्य से एम.आई.सी. ने 1100 करोड़ रुपये की वृहद जल एवं सीवर परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से शहर के वार्डों में पेयजल नेटवर्क का विस्तार होगा और सीवरेज सिस्टम मजबूत बनेगा। वहीं
मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के नागरिकों के अपने घर के सपने को साकार करते हुए नगर निगम ने रांझी के मोहनिया में 528 नए 2 बी.एच.के. फ्लैट्स के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। इसके टेंडर जारी करने की मंजूरी दे दी गई है। नागरिकों को ये आधुनिक 2 बी.एच.के. फ्लैट मात्र 5 लाख 60 हजार रुपये में उपलब्ध कराए जाएंगे।
तैयार किया नया मॉडल
पर्यावरण संरक्षण और वेस्ट-टू-वेल्थ की दिशा में नवाचार करते हुए उद्यान विभाग के तहत छंटाई से निकलने वाली पत्तियों, झाड़ियों और डालियों के प्रबंधन का नया मॉडल तैयार किया गया है। शहर में एक कम्पोस्ट प्लांट स्थापित किया जाएगा और इन ग्रीन वेस्ट से बायो ब्रिकेट्स तैयार किए जाएंगे।
ट्रैफिक व्यवस्था को किया जाएगा मजबूत
शहर की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त और आधुनिक बनाने के लिए वर्तमान में संचालित सभी 22 ट्रैफिक सिग्नलों के संचालन एवं संधारण हेतु टेंडर जारी करने की आधिकारिक सहमति दी गई है।
जबलपुर की ऐतिहासिक धरोहर को सहेजने अनोखी पहल
ऋषि जाबालि की तपोभूमि, वीरांगना रानी दुर्गावती की शौर्यस्थली और मां नर्मदा की पावन नगरी जबलपुर के गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित करने के लिए नगर निगम ने 1975 से पूर्व की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्मृतियों को संजोने का अभियान शुरू किया है।
नगर निगम शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, इतिहासकारों, साहित्यकारों और पत्रकारों से 1975 के पहले के अभिलेख, दुर्लभ फोटोग्राफ्स, प्रसंग और अखबारों की कतरनें एकत्रित करेगा। ऐतिहासिक साक्ष्य उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को सम्मानित करने हेतु आकर्षक पुरस्कार भी हैं, प्रथम पुरस्कार 51,000, द्वितीय पुरस्कार 21,000, तृतीय पुरस्कार 11,000, एवं विशेष 10 प्रतिभागियों को पुरस्कार 5,000 दिये जायेगें। बैठक में महापौर के साथ एम.आई.सी. सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, अंशुल राघवेंद्र यादव, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार एवं समस्त विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक में कर्मचारियों व अधिकारियों के हित से जुड़े निर्णय भी पारित किए गए।
