
पिपलियामण्डी। ग्राम सेसड़ी में लव मैरिज करने वाले युवक पर उसके रिश्तेदारों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। फरियादी गजेन्द्र सिंह राजपूत ने नाहरगढ़ थाने पर रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने ग्राम टिडवास की संगीता प्रजापति से प्रेम विवाह किया था। एक वर्ष तक दोनों ग्राम बूढा में रहे और एक माह पहले ग्राम सेसड़ी आ गए। 10 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे वह घर के बाहर खड़े थे, तभी उनके मामा के बेटे तंवर सिंह और बंटू सिंह पहुंचे और कहा कि दूसरी समाज की लड़की के साथ गांव में रहने से उनकी बेइज्जती हो रही है।
विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। तंवर सिंह ने सरिए से उनके बाएं कंधे और पैर पर वार किया, जबकि बंटू सिंह ने हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। पत्नी संगीता ने बीच-बचाव कर छुड़ाया, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
