उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने युवा दिवस पर किया सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम

रीवा। स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई. रीवा के मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक ग्राउण्ड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया. उन्होंने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम भी किया. सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए.

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ्य शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है. हम स्वस्थ एवं प्रसन्न रहेंगे तो अपने लक्ष्यों की पूर्ति आसानी से हो सकेगी. जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो तब तक अनवरत अपने कार्य में लगे रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहा जा सकता है और बीमारियाँ कोसों दूर रहेंगी. श्री शुक्ल ने युवाओं से अपील की कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर मनाये जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस में अपने भीतर की ऊर्जा का सदुपयोग समाज एवं देश के हित में करें और देश को विश्व गुरू बनाने में योगदान दें. उन्होंने कहा कि हमें सफलता मिलने पर अहंकारी नहीं होना चाहिए तथा असफलता मिलने पर निराश भी नहीं होना चाहिए. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में बहुत चुनौतियाँ सामने आती हैं. पूरे धैर्य के साथ इनका सामना करने की जरूरत है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी के कदम यदि नशे की राह की ओर बढ़ गए तो हर तरह का विकास निरर्थक हो जाएगा. उन्होंने नशे विरूद्ध रीवा जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की.

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने बहुत कम उम्र में ऐसी ख्याति प्राप्त की जिससे दुनिया में उनका नाम हुआ. स्वामी विवेकानंद की यह भविष्यवाणी साकर हो रही है कि भारत विश्वगुरू बनेगा. 21वीं सदी में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ते हुए विश्व गुरू बनने के करीब पहुंच चुका है. हमारा देश आर्थिक महाशक्ति के तौर पर उभरा है. श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन न केवल हमें मार्ग प्रशस्त करता है वरन उनके द्वारा दिये गये वाक्य हमें जीवन में आगे बढऩे में मददगार है. उनके जीवन चरित्र को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्रीय युवा दिवस का उद्देश्य पूरा करने में समवेत होने का अह्वान उप मुख्यमंत्री ने किया. श्री शुक्ल ने सभी को युवा दिवस की बधाई दी.

इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि योग हमारी सनातन परंपरा का एक अंग है. इसको अपनाने से मनुष्य स्वस्थ एवं चुस्त-दुरूस्त रहता है. उन्होंने सभी का आह्वान किया कि नियमित रूप से सुबह उठकर योग एवं प्राणायाम की प्रक्रियाएं दिनचर्या में शामिल करें. श्री मिश्र ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से आह्वान किया कि लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरे मनोयोग से अपने कर्तव्य का पालन करें.

Next Post

राहुल कल तमिलनाडु में गुडलूर के सेंट थाॅमस स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल

Mon Jan 12 , 2026
नयी दिल्ली 12 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को तमिलनाडु में गुडलूर में सेंट थॉमस स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री गांधी का यह दौरा पूरी तरह से गैर राजनीतिक है। उनका इस दौरान […]

You May Like