भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कथित विसंगतियों पर आपत्ति जताते हुए निर्वाचन आयोग से सभी पात्र मतदाताओं के मतदान के अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय कामले ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर भोपाल स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग संबंधी कार्यों के प्रभारी जे.पी. धनौपिया और मतदाता सूची प्रभारी ललित सेन ने पुनरीक्षण प्रक्रिया के संबंध में आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत किए।
कांग्रेस ने एसआईआर के तहत तैयार मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं होने वाले आवेदकों के लंबित फॉर्म-6 की सूची सार्वजनिक करने की मांग की। पार्टी ने जनवरी 2025 में प्रकाशित संबंधित मतदाता सूची के संदर्भ में सभी पात्र मतदाताओं के आवेदनों की जांच करने का भी आग्रह किया।
कांग्रेस ने प्रारूप मतदाता सूची में शामिल रहे, लेकिन अंतिम सूची से हटाए गए मतदाताओं के मामलों की समीक्षा करने तथा सूची की शुद्धता की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग उठाई।
पार्टी ने नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया दीपावली के बाद शुरू करने का सुझाव दिया, ताकि नागरिकों को जरूरी दस्तावेज जमा करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके और निर्वाचन अधिकारी आवेदनों की उचित जांच कर सकें।
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से सभी आपत्तियों का पारदर्शी तरीके से निराकरण करने और प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रखने की मांग की।
