सहारनपुर में बनेगा प्रदेश का पहला लॉजिस्टिक हब: योगी

सहारनपुर, 07 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को देवबंद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सहारनपुर में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इकोनॉमिक कॉरिडोर तथा प्रदेश का पहला इंडस्ट्रियल लॉजिस्टिक हब विकसित किया जाएगा, जिसके लिए कार्य प्रारंभ हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और सहारनपुर औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि सहारनपुर के कारीगरों द्वारा तैयार की जाने वाली विश्वस्तरीय वुड कार्विंग ने जिले को नई पहचान दिलाई है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली-मेरठ तथा मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 600 किलोमीटर लंबे छह लेन एक्सप्रेस-वे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 500 करोड़ रुपये लागत की 184 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, खाद्य प्रसंस्करण तथा आयुष्मान भारत कार्ड योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सहायता वितरित की गई।

राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह तथा राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने मुख्यमंत्री का पगड़ी और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया तथा छत्रपति शिवाजी महाराज का चित्र भेंट किया। वहीं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मुख्यमंत्री को ओडीओपी के अंतर्गत काष्ठ निर्मित नटराज प्रतिमा भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय, सरसावा एयरपोर्ट, बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं, आईसीसीसी, सीएम ग्रिड के तहत सड़कों का निर्माण तथा जल निकासी व्यवस्था के स्थायी समाधान के लिए आरसीसी ड्रेन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मां शाकंभरी देवी मंदिर तक एलिवेटेड हाईवे बनने से श्रद्धालुओं को हर मौसम में सुगमता से आवागमन की सुविधा मिलेगी। नवरात्र के दौरान विभिन्न राज्यों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होने कहा कि हाल ही में हुई पुलिस भर्ती में सहारनपुर के लगभग 500 युवाओं को नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुरक्षा, रोजगार, औद्योगिक निवेश, कारीगरों के सम्मान, किसानों की समृद्धि तथा महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने सहारनपुरवासियों को आश्वस्त किया कि जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Next Post

हमीरपुर नाव हादसे में मृत सभी छह यात्रियों के शव मिले

Thu May 7 , 2026
हमीरपुर, 7 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में यमुना नदी में नाव पलटने से महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई। गुरुवार देर शाम एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सभी शव बरामद कर लिए। यह हादसा छोटी नाव में क्षमता से […]

You May Like