स्थापना शाखा की लापरवाही बेनकाब कार्यभार के बाद भी नहीं मिली जिम्मेदारी

सिंगरौली: शासकीय राजनारायण स्मृति अ. स्नातको. महाविद्यालय बैढ़न की स्थापना शाखा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महाविद्यालय के वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार राय ने 4 जुलाई को महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय राजनारायण स्मृति अ. स्नातको. महाविद्यालय बैढ़न को पत्र लिखकर स्थापना शाखा की कथित लापरवाही और नियमों की अनदेखी की शिकायत की है। पत्र में स्थापना शाखा के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
पत्र के अनुसार डॉ. श्री राय ने उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 22 जून को महाविद्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया था, लेकिन स्थापना शाखा ने अब तक उन्हें महाविद्यालय के आधिकारिक व्हाट्सएप गु्रप से नहीं जोड़ा है। उनका कहना है कि कार्यभार संभालने के बाद भी उन्हें संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था से दूर रखा जा रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उच्च शिक्षा विभाग के स्थानांतरण आदेश के बावजूद महाविद्यालय की वेबसाइट और विभागीय रिकॉर्ड में पूर्व पदस्थ अधिकारी डॉ. एमयू सिद्दीकी का नाम अब भी प्रदर्शित हो रहा है।

जबकि नियमानुसार स्थापना शाखा को तत्काल रिकॉर्ड अपडेट कर रिक्त पद दर्शाना और आवश्यक संशोधन करना चाहिए था। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। डॉ. श्री राय ने अपने पत्र में यह भी बताया कि 19 मई को जारी आदेश के अनुसार आहरण-वितरण संबंधी अधिकार प्राचार्य को प्राप्त हो चुके हैं, फिर भी स्थापना शाखा ने अभिलेखों में आवश्यक संशोधन नहीं किए। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने प्राचार्य से मामले की जांच कर स्थापना शाखा के जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और सभी रिकॉर्ड तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।

क्रीडा अधिकारी ने स्थापना शाखा पर लगाया आरोप
शासकीय राजनारायण स्मृति अ. स्नातको. महाविद्यालय बैढ़न (डिग्री कॉलेज) बैढ़न में स्थापना शाखा की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहरा गया है। महाविद्यालय के वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि स्थापना शाखा की लापरवाही के कारण 5 जुलाई को जारी अतिथि विद्वान आबंटन सूची में महाविद्यालय को कोई अतिथि विद्वान नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि स्थानांतरित हो चुके डॉ. एमयू सिद्दीकी का पद समय पर रिक्त नहीं दर्शाया गया, जिससे यह स्थिति बनी।

डॉ. श्री राय ने स्थापना शाखा प्रभारी नंदकिशोर प्रजापति पर आरोप लगाया है कि वे वर्ष 2005 से अनुकंपा नियुक्ति पर पदस्थ हैं और अतिथि विद्वानों व आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ प्रताड़नापूर्ण व्यवहार करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्य द्वारा स्वीकृत अवकाश को भी अनुपस्थित दर्ज कर दिया जाता है तथा प्राचार्य के समानांतर व्यवस्था संचालित करने का प्रयास किया जाता है। डॉ. श्री राय ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद स्थापना शाखा और पूर्व प्राचार्य के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि इन आरोपों पर स्थापना शाखा प्रभारी या महाविद्यालय प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।

Next Post

पंचमनगर बैराज: जलस्तर बढ़ने से 3-3 गेट खोले जाएंगे, आमजन नदी से दूर रहें

Wed Jul 8 , 2026
दमोह: बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण पंचमनगर बैराज का जलस्तर बढ़ने लगा है. वर्तमान में बांध का जलस्तर 373.00 मीटर तक पहुंच गया है। जल संसाधन संभाग सागर के कार्यपालन यंत्री राजेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि जुलाई माह में बांध का जलस्तर 369.500 […]

You May Like