मुंबई, 19 मार्च (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में रही भारी गिरावट के कारण गुरुवार को निवेशकों के 12.86 लाख करोड़ रुपये डूब गये।
बीएसई से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल बाजार पूंजीकरण आज 12,86,276 करोड़ रुपये घटकर 4,25,77,279 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल नौ अप्रैल के बाद का निचला स्तर है। इससे पहले बुधवार को कुल बाजार पूंजीकरण 4,38,63,555 करोड़ रुपये था।
बीएसई का सेंसेक्स आज 2,497 अंक यानी 3.26 प्रतिशत लुढ़क गया। अन्य सूचकांकों और सेक्टरों पर भी बिकवाली का जोर रहा।
आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को शीर्ष 10 कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 2,64,109 करोड़ रुपये घटकर 88,51,650 करोड़ रुपये पर रहा।
पश्चिम एशिया संकट गहराने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के बाजार की उम्मीदों के विपरीत रेपो दर को स्थिर रखने से आज बाजार में भारी बिकवाली देखी गयी। गत 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से बाजार पूंजीकरण में 37.48 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ चुकी है।
