नयी दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) रिलायंस जियो ने एक नया और किफायती मनोरंजन प्लान जियोटीवी प्रो पैक पेश किया है जिसमें ग्राहक 55 रुपये में एक हजार से अधिक चैनल देख सकेंगे। इस पैक की वैधता 30 दिनों की होगी। इस पैक के जरिये यूजर अपने मोबाइल फोन पर जियोटीवी ऐप के माध्यम से 16 से अधिक भाषाओं में लाइव टीवी चैनलों का आनंद ले सकेंगे। कंपनी ने बुधवार को बताया कि इनमें 150 से अधिक प्रीमियम चैनल भी उपलब्ध होंगे। दर्शकों को मनोरंजन, फिल्में, समाचार, बच्चों के कार्यक्रम, लाइफस्टाइल और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं की सामग्री देखने को मिलेगी।
इस पैक में स्टारप्लस एचडी, कलर्स एचडी, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन एचडी, सोनी सब एचडी, डिस्कवरी, एनीमल प्लेनेट, सन टीवी नेटवर्क और ईटीवी समेत देश के प्रमुख प्रसारकों के कई लोकप्रिय चैनल शामिल हैं। हालांकि, जियोस्टार और सोनी के स्पोर्ट्स चैनल इस पैक का हिस्सा नहीं होंगे।
इस सेवा का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को केवल 55 रुपये का रिचार्ज करना होगा। इसके बाद जियोटीवी ऐप में अपने जियो नंबर से लॉग-इन करते ही सभी उपलब्ध प्रीमियम चैनल स्वतः सक्रिय हो जायेंगे। इसके लिए किसी अलग एक्टिवेशन की आवश्यकता नहीं होगी। यह एक एंटरटेनमेंट-ओनली पैक है। इसमें वॉयस कॉल या एसएमएस जैसी सुविधाएं शामिल नहीं हैं। इस सेवा का उपयोग करने के लिए ग्राहकों के पास सक्रिय जियो प्रीपेड या पोस्टपेड कनेक्शन होना आवश्यक है। यह पैक एक समय में केवल एक मोबाइल डिवाइस पर जियोटीवी ऐप के जरिये इस्तेमाल किया जा सकेगा।

