महाराष्ट्र में वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत, पांच-पांच लाख रूपये के मुआवजे की घोषणा

मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र में गत 30 जून से अब तक वर्षाजनित घटनाओं में 15 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

अकेले मुंबई में पिछले छह दिनों में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जबकि नवी मुंबई और पनवेल में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की जानें गयी है। वर्षाजनित बड़ी घटनाओं में मुंबई के मानखुर्द की घटना शामिल है, जहाँ रविवार की रात तीन मंजिला चॉल इमारत ढहने से एक महिला और पांच बच्चों समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। चेम्बूर में 30 जून को बच्चों को ले जा रही स्कूल बस पर एक बड़ा पेड़ गिरने से 11 साल के स्कूली छात्र की मौत हो गयी। कुर्ला और गोरेगांव में भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच पेड़ और उनकी बड़ी टहनियां गिरने से अलग-अलग घटनाओं में 63 वर्षीय व्यक्ति और 18 साल के एक युवक की मौत हो गयी। साकीनाका में एक खुले मैनहोल में गिरने से 55 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गयी।

लगातार बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में जमीन खिसकने की घटनाएं हुईं, जबकि रेलवे ट्रैक और निचले इलाकों में पानी भरने से परिवहन सेवाएं बाधित हुईं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के मानखुर्द में चॉल ढहने की घटना में छह लोगों की मौत के बाद मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि देने की सोमवार को घोषणा की।

Next Post

विस्थापित हिंदुओं को नागरिकता देने की प्रक्रिया जल्द पूरी करेगी सरकार : शाह

Tue Jul 7 , 2026
कोलकाता, (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि सरकार विस्थापित हिंदुओं को नागरिकता देने की प्रक्रिया जल्द ही पूरी करेगी। श्री शाह ने आज यहां मिलन मेला ग्राउंड में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर अपने संबोधन में कहा, “श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने विस्थापित […]

You May Like