बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज का तिमाही मुनाफा 134.09 प्रतिशत उछला

नयी दिल्ली (वार्ता) फोर्ज्ड कॉम्पोनेंट निर्माता कंपनी बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज लिमिटेड (बीएफआईएल) का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 25.2 करोड़ रुपये के मुकाबले 134.09 प्रतिशत उछलकर 59 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 59 करोड़ रुपये रहा, जाे वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही के 25.2 करोड़ रुपये की तुलना में 134.09 प्रतिशत अधिक है। आलोच्य अवधि में उसका राजस्व एक अरब 47 करोड़ सात लाख 50 हजार रुपये से 73.91 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर दो अरब 55 करोड़ 78 लाख 30 हजार रुपये पर पहुंच गया।

बीएफआईएल के कार्यकारी निदेशक त्रिमान चंडोक ने कहा, “यह परिणाम हमारे लचीले व्यवसाय मॉडल और मजबूत बाजार स्थिति को उजागर करते हैं, जो निरंतर विकास के लिए मंच तैयार करते हैं। हमारी सफलता पोर्टफोलियो विस्तार, ग्राहक विविधीकरण और प्रमुख क्षेत्रों में समाधान प्रदान करने जैसी रणनीतियों से उपजी है। चूंकि भारतीय फोर्जिंग उद्योग चीन+1 और यूरोप+1 से लाभान्वित होता है इसलिए बालू फोर्ज सतत विकास और वैश्विक विस्तार के लिए नवाचार और साझेदारी में निवेश कर रहा है।”

श्री चंडोक ने कहा, “हमने रक्षा, एयरोस्पेस, रेलवे और परमाणु सहित वैश्विक उद्योगों की सेवा पर केंद्रित एक विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) बनाने के लिए स्वान एनर्जी लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह रणनीतिक विविधीकरण हमें उच्च-विकास, प्रौद्योगिकी-संचालित क्षेत्रों में एक प्रमुख प्लेयर के रूप में स्थापित करता है।”

 

 

Next Post

माया एलएंडटी मुम्बई ओपन के सेमीफाइनल तथा थोम्बरे युगल के फाइनल में

Sat Feb 8 , 2025
मुंबई, (वार्ता) भारत की 15 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी माया राजेश्वरन ने अपनी शानदार फॉर्म और शानदार नतीजों का सिलसिला जारी रखते हुए शुक्रवार को जापान की मेई यामागुची को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं युगल मुकाबले में प्रार्थना थोम्बरे और एरियन हार्टोनो की जोड़ी ने सेमीफाइनल में एडेन सिल्वा […]

You May Like