कर्नाटक वीजेडी पद्धति से मुम्बई को 54 रनों से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में

बेंगलुरु 12 जनवरी (वार्ता) देवदत्त पड़िक्कल (नाबाद 81) और करुण नायर (नाबाद 74) रनों की शानदार पारियों के दम पर कर्नाटक ने सोमवार को वर्षा प्रभावित पहले क्वार्टर फाइनल में मुम्बई को वीजेडी पद्धति से 54 रनों से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली हैं।
255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक कप्तान मयंक अग्रवाल और देवदत्त पड़िक्कल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। 10वें ओवर में मोहित अवस्थी ने मयंक अग्रवाल (12) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये करुण नायर ने देवदत्त पड़िक्कल के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। 33 ओवर के बाद बारिश होने के कारण आगे खेले नहीं हो पाया। उस समय तक कर्नाटक ने एक विकेट पर 187 रन बना लिये थे। देवदत्त पड़िक्कल (नाबाद 81) और करुण नायर (नाबाद 74) क्रीज पर मौजूद थे। देवदत्त पड़िक्कल और करुण नायर ने अपनी-अपनी पारियों में 11-11 चौके लगाये। बारिश के कारण कर्नाटक को मुम्बई पर वीजेडी पद्धति से 54 रनों से जीत मिली।

आज यहां इससे पहले शम्स मुलानी (86) और कप्तान सिद्धेश लाड (38) की जूझारू पारियों के दम पर मुम्बई ने कर्नाटक को जीत के लिए 255 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 60 के स्कोर तक नियमित अंतराल पर चार विकेट गंवा दिये। इशान मुलचंदानी (20), मुशीर खान (नौ) को विद्याधर पाटिल ने आउट किया। अंगकृष रघुवंशी (27) और हार्दिक तामोरे (एक) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद कप्तान सिद्धेश लाड और शम्स मुलानी ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 76 रन जोड़े। 34वें ओवर में अभिलाष शेट्टी ने सिद्धेश लाड को आउटकर मुम्बई को पांचवां झटका दिया। सिद्धेश लाड ने 58 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 38 रन बनाये। इसके बाद सूर्यांश शेडगे (16) और तनुष कोटियान (छह) जल्द ही आउट होकर पवेलियन लौट गये। अखिरी ओवर में अभिलाष शेट्टी ने शम्स मुलानी को पगबाधा आउट कर दिया। शम्स मुलानी ने 91 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए 86 रनों की पारी खेली। मुम्बई ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 254 का स्कोर बनाया। साईराज पाटिल 25 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 33 रन बनाकर नाबाद रहे। कर्नाटक के लिए विद्याधर पाटिल ने तीन विकेट लिये। विधवत कावेरप्पा और अभिलाष शेट्टी को दो-दो विकेट मिले। विजयकुमार वैशक ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

सौराष्ट्र वीजेडी पद्धति से उत्तर प्रदेश को 17 रनों से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में

Mon Jan 12 , 2026
बेंगलुरु 12 जनवरी (वार्ता) सौराष्ट्र ने सोमवार को विजय हजारे ट्रॉफी के वर्षा प्रभावित दूसरे क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश को वीजेडी पद्धति से 17 रनों से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कप्तान हार्विक देसाई (नाबाद 100) प्रेरक मांकड़ (67) और चिराग जानी (नाबाद 40) शानदार बल्लेबाजी का […]

You May Like

Play sound