महिला की मौत के बाद परिजन ने किया चक्काजाम

नीमच। जिले के मनासा के बालागंज में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका पूजा (25) पति बलराम ओड को गुरुवार तडक़े करीब 4 बजे फंदे पर लटका मिला था। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

परिजन बोले- पति करता है मारपीट

परिजन का आरोप है कि पूजा का पति बलराम नशे का आदी है। आए दिन मारपीट व विवाद करता था। परिजन ने आरोप लगाया कि पति ने ही पूजा को फांसी पर लटका दिया है। परिजन ने बताया कि कई बार थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।

आक्रोशित परिजन शव लेकर सीएसपी कार्यालय के बाहर शहरी हाईवे पर पहुंच गए। सडक़ पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे सडक़ पर वाहनों की कतार लग गई।

सूचना पर कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा और तहसीलदार महेंद्र सिसोदिया पहुंचे। अधिकारियों ने परिजन को समझाने और रास्ता खाली कराने का प्रयास किया, तो परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस और धक्का-मुक्की हो गई। बाद में पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद मामला शांत हुआ।

पूजा अपने पीछे चार महीने की दूधमुंही बच्ची छोड़ गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों के बयानों और पुरानी शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत जबेरा शास. हाई स्कूल ग्राम चंडीचौपरा में कार्यक्रम आयोजित किया गया

Thu Jul 30 , 2026
दमोह। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाये जा रहे नशा मुक्ति अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के अंतर्गत दिनांक 30 जुलाई 26 को थाना जबेरा अंतर्गत शास. हाई स्कूल ग्राम चंडीचौपरा में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसडीओपी तेन्दूखेड़ा अर्चना अहीर के मार्गदर्शन में छात्र/छात्राओ के मध्य उपस्थित होकर […]

You May Like