
भोपाल।नर्मदापुरम की प्रसिद्ध नेत्र सर्जन एवं चित्रकार डॉ. ज्योति सेठा की चित्र प्रदर्शनी जी. पी. बिरला संग्रहालय में लगाई गई है। प्रदर्शनी में पारंपरिक भारतीय लोक कला शैली में देवी पार्वती, शांत भाव से कमल पर आसीन देवी लक्ष्मी और राम-सीता के वनागमन जैसी अद्भुत पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं। इनके अलावा विस्तृत रेखाओं व जटिल पैटर्न में पक्षियों, लंबे फूलदानों और गोल पात्रों में नीले-हरे पुष्पों की खूबसूरत कलाकृतियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। डॉ. ज्योति पेन-इंक, वॉटरकलर, पॉटरी आर्ट और एक्रलिक जैसे विभिन्न माध्यमों में चित्र बनाती हैं। उनकी कला में स्त्री-अंतःकरण की अनुभूतियां, सामाजिक विडंबनाएं और प्रकृति की आत्मीय छवियां झलकती हैं। डॉ. ज्योति को नेत्र चिकित्सक के रूप में दृष्टि और चित्रकार के रूप में दृष्टिकोण देने वाली कहा जाता है। यह प्रदर्शनी 28 जुलाई 2025 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक देखी जा सकती है।
