कोटवार की सेवा समाप्त और पटवारी को कारण बताओ नोटिस

छिंदवाड़ा. हर्रई में दो लोगों के बह जाने के बाद कलेक्टर ने शख्त रवैया अपनाया. उन्होंने लापरवाही बरतने पर कोटवार की सेवा समाप्त करने और संबंधित ग्राम के पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जारी किए है. आज समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक बैठक लेते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए. बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि प्रत्येक अधिकारी स्वयं अपने विभाग के लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करें. उन्होंने निर्देश दिए कि टीएल बैठक में शामिल होने वाले सभी अधिकारी प्रकरणों का व्यक्तिगत रूप से परीक्षण करें तथा अधीनस्थ कर्मचारियों पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं उनकी प्रगति पर नजर रखें. हर्रई क्षेत्र में हाल ही में हुई बारिश के दौरान दो लोगों के बह जाने की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित ग्राम के कोटवार की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए. साथ ही संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मैदानी अमले की सक्रियता अत्यंत आवश्यक है तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.

24 घंटे निगरानी करने के दिए निर्देश ०००००००००

मानसून के मद्देनजर कलेक्टर श्री नारायन ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर पानी आने की संभावना रहती है, वहां 24 घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील स्थलों पर आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा संबंधित अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि ड्यूटी का पालन नियमित रूप से हो रहा है या नहीं. उन्होंने अधिकारियों को स्वयं भी ऐसे स्थलों का निरीक्षण करने और किसी भी स्थिति में लोगों को जलमग्न पुल-पुलियों को पार नहीं करने देने के निर्देश दिए.

स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरतने के दिए निर्देश ००००

बैठक में जिले में लगातार बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम उपलब्ध रहे, ताकि सर्पदंश के किसी भी मरीज का तत्काल उपचार किया जा सके और जनहानि को रोका जा सके. उन्होंने सभी पीएचसी के बाहर स्पष्ट सूचना-पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए, जिस पर उल्लेख हो कि केंद्र में एंटीवेनम उपलब्ध है, जिससे आमजन को आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके.

Next Post

5.46 लाख रुपये लेकर फरार आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार

Mon Jul 6 , 2026
छिंदवाड़ा। कोतवाली पुलिस ने शराब दुकान के कलेक्शन के 5.46 लाख रुपये लेकर फरार हुए आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी कई वर्षों से फर्जी पहचान के सहारे अलग-अलग राज्यों में नौकरी कर रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जिस व्यक्ति […]

You May Like