सागर: भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी मिथिलेश कुमार शुक्ला ने पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन, सागर का पूर्ण प्रभार विधिवत ग्रहण कर लिया।उल्लेखनीय है कि श्री शुक्ला पिछले तीन माह से अधिक समय से पुलिस महानिरीक्षक, नर्मदापुरम जोन के अपने नियमित दायित्वों के साथ-साथ पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। अब मध्य प्रदेश शासन के स्थानांतरण आदेश के तहत उन्होंने नर्मदापुरम से स्थानांतरित होकर सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक के रूप में नियमित रूप से पदभार ग्रहण किया है।
पदभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक, सागर रेंज, सागर शतीन्द्र चौहान एवं पुलिस अधीक्षक, सागर अनुराग सुजानिया उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करने के उपरांत श्री शुक्ला ने कहा कि सागर जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा आमजन के साथ पुलिस की संवेदनशील एवं जनोन्मुखी कार्यप्रणाली उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगी। उन्होंने जोन के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बेहतर पुलिसिंग एवं नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।
