
नई दिल्ली। लोधी कॉलोनी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति सुतार की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के मुताबिक, आकृति की शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी। वह एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थीं। घटना वाले दिन उन्होंने अपने ऑफिस में शादी के बाद सहकर्मियों के लिए एक छोटी पार्टी भी रखी थी। पार्टी खत्म होने के बाद वह अपने पति के साथ वहां से निकलीं।
परिजनों का कहना है कि मौत से करीब तीन घंटे पहले आकृति ने अपनी मां से फोन पर बात की थी और सब कुछ सामान्य लग रहा था। इसके कुछ समय बाद उनके तीसरी मंजिल से गिरने की सूचना मिली।
आकृति के परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से दहेज की मांग और प्रताड़ना की जा रही थी तथा यह हत्या का मामला है। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। चूंकि विवाह को सात वर्ष से कम समय हुआ था, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत एसडीएम जांच शुरू की गई है। पुलिस ने दहेज मृत्यु से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
