इंदौर। बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव और अन्य समस्याओं से राहत दिलाने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी हर वर्ष जलभराव की समस्या होती है, वहां समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने भमोरी क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा की, जहां स्थानीय लोगों ने बताया कि इस बार निगम द्वारा किए गए कार्यों के कारण बारिश का पानी पहले की तुलना में तेजी से निकला। उन्होंने अधिकारियों को अधूरे कार्य जल्द पूरा करने और ट्रांसपोर्ट नगर में जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोध हटाने के भी निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का पूरा अमला लगातार मैदान में मौजूद है और कंट्रोल रूम के माध्यम से भी व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान शहर के किसी भी हिस्से में नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए निगम पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
