भिंड: लहार में ई रिक्शा चालकों ने एसडीएम विजय सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चालकों ने ऐप के माध्यम से चलते हुए ई रिक्शा को अचानक बंद किए जाने की बढ़ती घटनाओं पर नाराजगी जताई है। चालकों का आरोप है कि कुछ लोग जानबूझकर ऐप का गलत इस्तेमाल कर उन्हें परेशान कर रहे हैं, जिन पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन में ई रिक्शा चालकों ने बताया कि लहार क्षेत्र में सवारियां ले जाते समय अचानक उनके वाहन ऐप के जरिए बंद कर दिए जाते हैं। इसके चलते उन्हें कई किलोमीटर तक सवारियों को बीच रास्ते में ही छोड़कर गाड़ी को पैदल खींचकर ले जाना पड़ता है।
कई बार वाहन सुनसान रास्तों पर बंद हो जाते हैं, जिससे चालकों और सवारियों को लूट, सड़क दुर्घटना या किसी अन्य अनहोनी का डर सताता रहता है।मोर्चा के संस्थापक वीरू धनोलिया ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस गंभीर तकनीकी और सुरक्षा समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो सभी टमटम चालक उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
