
भोपाल। रायसेन कलेक्टर कार्यालय में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को सभी विभागों समीक्षा बैठक की. जिसकी अध्यक्षता संभायुक्त ने करते हुए विभागवार योजनाओं तथा कार्यो की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तथा सेवाओं की प्रदायगी समयावधि में पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित कराना शासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी अधिकारी दृढ़ संकल्पित होकर कार्य करें. उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का नियमों को ध्यान रखते हुए संवेदनशीलता और व्यवहारिक दृष्टिकोण के साथ त्वरित रूप से निराकरण किया जाए. कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा संभागायुक्त को जिले में शासन की योजनाओं तथा कार्यो की प्रगति से अवगत कराया गया.
संभागायुक्त ने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा आदि राजस्व प्रकरणों को तहसीलवार समयसीमा के पहले ही निराकृत करने के निर्देश दिए. इसी प्रकार लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों 50 दिवस से अधिक समयावधि की लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. आवासों का निर्माण कार्यद्व प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत समग्र सीडिंग कार्य समय से पूर्ण कराने, जनमन योजना और धरती आबा योजना के तहत चिन्हित ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति, एक बगिया मां के नाम, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ों तथा पुल-पुलियों का निर्माण, नवीन पंचायत भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया. बैठक में डीएफओ रायसेन प्रतिभा शुक्ला, डीएफओ औबेदुललागंज हेमन्त रायकवार, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे. अनुभागों से सभी एसडीएम तथा अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे.
