नयी दिल्ली, 09 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि यह बहुत दुखद स्थिति है कि लोकसभा नहीं चल रही है और सदन में आते ही उन्हें वापस लौटना पड़ता है। श्रीमती वाड्रा ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे दिनभर के लिए स्थगित होने के बाद संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि सदन में विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जाता है और सदन नहीं चल रहा है यह बहुत ही दुख की बात है।
उन्होंने कहा “सच कहूँ तो, यह बहुत दुख की बात है कि हम सदन (लोकसभा) जाते हैं और बस बाहर आ जाते हैं। विपक्ष के नेता को एक मिनट भी बोलने की अनुमति नहीं दी जाती। यह हास्यास्पद है। यह लोकतंत्र नहीं है। हम यहाँ किसलिए आते हैं। उन्हें बोलने देना चाहिए। वे विपक्ष के नेता हैं।” श्रीमती वाड्रा ने कहा कि दबाव में आकर लोकसभा अध्यक्ष महिला सांसदों का अपमान कर रहे हैं। जिस तरह की सफाई लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को देनी पड़ रही है उससे साफ है कि वह बहुत दबाव में हैं और दबाव में ही बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा “स्पीकर पर इतना दबाव है कि उन्हें खुद बयान देना पड़ रहा है, जो सही नहीं है। इसका सवाल ही नहीं उठता कि कोई मोदी जी पर हाथ उठाए। सदन में कांग्रेस की 11 महिला सांसद हैं, जिनमें से मैं भी एक हूं। सभी महिला सांसद गंभीर राजनीतिज्ञ हैं। स्पीकर ने उनका अपमान किया है। स्पीकर पर सरकार ने ऐसा कहने का दबाव डाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की हिम्मत नहीं हुई सदन में आने की, इसलिए स्पीकर से सफाई दिलवा रहे हैं।”

