
मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर ले जाए जा रहे 5.5 किलोग्राम अफीम एवं 30 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 8.85 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेज सिंह बघेल, एसडीओपी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी बुढ़ा विकास गेलोत ने मुखबिर की सूचना पर झारड़ा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी के दौरान ट्रॉली में रखे दूसरे ट्रैक्टर के टायरों के अंदर छिपाकर रखा गया 5.5 किलोग्राम अफीम और 30 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया।
मामले में राजस्थान के जोधपुर जिले के ग्राम बड़लिया निवासी विकास जाट (26) एवं प्रधान जाट (27) को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने कार्रवाई में दोनों ट्रैक्टर एवं ट्रॉली भी जब्त की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास जाट के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो प्रकरण दर्ज हैं।
