रेलवे ने यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए हिंदी यात्रा वृत्तांत प्रतियोगिता की घोषणा की

सिलीगुड़ी, (वार्ता) रेल मंत्रालय ने यात्रियों को अपने रेल यात्रा के अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित करने और हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना” के तहत राष्ट्रव्यापी लेखन प्रतियोगिता की घोषणा की है।पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जनता की प्रतिक्रिया के माध्यम से रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाना है। इसके साथ ही यात्रियों के बीच हिंदी के अधिक उपयोग को बढ़ावा देना है।

इस पहल के तहत भारतीय नागरिकों जिनमें रेलवे कर्मचारी भी शामिल हैं, को अपनी यात्राओं पर आधारित मौलिक यात्रा वृत्तांत के लेखन के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रविष्टियाँ हिंदी में लिखी होनी चाहिए, जिनकी शब्द सीमा 3,000 से 3,500 शब्दों के बीच हो, और उन्हें निर्धारित फ़ॉर्मेटिंग दिशानिर्देशों का पालन करना होगा। विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएँगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 10,000 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 8,000 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 6,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 4,000 रुपये के पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएँगे।

प्रतिभागियों को एक घोषणा पत्र जमा करना होगा जिसमें वे अपने कार्य की मौलिकता की पुष्टि करेंगे और, जहाँ लागू हो, यह भी पुष्टि करेंगे कि उनके विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक या आपराधिक मामला लंबित नहीं है। प्रविष्टियाँ आगामी 31 जुलाई तक नयी दिल्ली स्थित निर्धारित कार्यालय में दो प्रतियों में जमा की जानी चाहिए। देर से या अधूरी जमा की गई प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

 

 

Next Post

बंगाल चुनावों में कोई मौत या बड़े पैमाने पर हिंसा की रिपोर्टें नहीं : सीईओ

Thu Apr 30 , 2026
कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया काफी हद तक शांतिपूर्ण रही और कोई कोई मौत या बड़े पैमाने पर हिंसा की रिपोर्ट नहीं मिली। श्री अग्रवाल ने कहा, “यह हमारे लिए एक उपलब्धि है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव हिंसा के […]

You May Like