भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच और शाजापुर में बड़े सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। वे नीमच के 500 मेगावॉट और शाजापुर के 450 मेगावॉट क्षमता वाले सोलर पार्क का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर 440 मेगावॉट क्षमता वाली मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के लिए पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए) भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी और प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान 1553.98 करोड़ रुपये की औद्योगिक इकाइयों और विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी होगा।
मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना प्रदेश की पहली सौर ऊर्जा भंडारण परियोजना है, जिसमें बिजली खरीद के लिए 2.70 रुपये प्रति यूनिट की दर पर निविदा प्राप्त हुई है, जो देश की सबसे कम दरों में शामिल है।
नीमच सोलर पार्क में बिजली दर 2.14 से 2.15 रुपये प्रति यूनिट और शाजापुर सोलर पार्क में 2.33 से 2.35 रुपये प्रति यूनिट तय हुई है। वहीं 550 मेगावॉट क्षमता वाले निर्माणाधीन आगर सोलर पार्क में भी प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली उत्पादन की तैयारी चल रही है।
