
कनाडिया ओवर ब्रिज पर भीषण सड़क हादसा
युवती गंभीर घायल
नव भारत न्यूज
इंदौर. गुरुवार की रात दो बजे कनाडिया ओवर ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कनाडिया पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय भेज जांच शुरु की.
कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने नव भारत को बताया कि घटना गुरुवार देर रात दो बजे के लगभग की है. एक नीले रंग की होंडा ब्रियो एमपी 09 डब्ल्यू ए 3706 रात दो बजे के लगभग हनुमान मंदिर के पास बिजली के खंभे से टकरा गई. कार को प्रणय तलरेजा 206-बी, पंचरतन अपार्टमेंट, मनोरमागंज, पलासिया चला रहा था. कार की खंभे से भिड़ंत इतनी भीषण थी कि प्रणय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं कार में सवार 24 वर्षीय खुशी लामगे निवासी 134, लोकमान्य नगर, गंभीर रूप से घायल हो गई. जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली पुलिस की टीम को रवाना किया गया. पुलिस की टीम ने घायल खुशी को फीनिक्स अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं, प्रणय के शव को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नियंत्रण खोने के कारण हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और वाहन पर से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.
