
दमोह। भारतीय जनता पार्टी दमोह के नगर उपाध्यक्ष वेद प्रकाश दुबे ने अपनी छोटी बेटी विधि दुबे का जन्मदिन सिविल वार्ड नंबर 4 के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 8 में मनाया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निशा राय एवं सहायिका विमल सेन की उपस्थिति में केंद्र में अध्ययनरत बच्चों को उपहार दिए गए और मुंह मीठा कराया गया। बच्चों ने विधि को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और एक साथ बैठकर खूब मस्ती की। विधि की बड़ी बहन वेदिका दुबे पिछले कई वर्षों से अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र, वृद्ध आश्रम, मूक बधिर विद्यालय में मनाती आ रही है और पौधारोपण भी करती है। उसी से प्रेरणा लेकर विधि ने भी अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र में मनाने का निर्णय लिया। सभी के प्यार एवं स्नेह के लिए विधि की मां अमृता दुबे ने आभार व्यक्त किया।
