आग बुझाकर चोर बना कर्मचारी, 30 लाख का मिलर ट्रक चोरी

बैतूल। आमला थाना क्षेत्र में नाहिया स्थित एमके केसर क्रेशर से चोरों ने फिल्मी अंदाज में 30 लाख रुपये कीमत का मिलर ट्रक (एमपी 41 जी 3311) चोरी कर लिया। घटना को इतनी सूझबूझ से अंजाम दिया गया कि परिसर में मौजूद किसी को भनक तक नहीं लगी। क्रेशर मैनेजर सचिन शुक्ला के अनुसार, चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरों की केबल काट दी और हाईमास्ट लाइट बंद कर दी, जिससे रिकॉर्डिंग पूरी तरह बंद हो गई। इसके बाद देर रात ट्रक को क्रेशर से निकालकर हाईवे की ओर ले गए।

मिलानपुर टोल के पास ट्रक में अचानक आग लगने पर चोर ने खुद को ट्रक का कर्मचारी बताते हुए मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर आग भी बुझाई। जब लोगों ने मालिक से बात कराने को कहा तो वह बात टालता रहा और मौका मिलते ही वहां से निकल गया। आग की वजह से ट्रक के टायर और लाइनर जलकर खराब हो गए, जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ सका और चोरों को ट्रक बैतूल से लगभग 18 किलोमीटर दूर पाढर में छोड़कर भागना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया।

यह क्रेशर महेंद्र मालवीय द्वारा संचालित किया जाता है, जो भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बड़े भाई मुकेश खंडेलवाल के करीबी माने जाते हैं। आमला टीआई मुकेश ठाकुर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिले में हाल ही में भारी वाहनों की चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें मुलताई से डंपर चोरी, बैतूल शहर में चोरी का प्रयास और सदर क्षेत्र में जैमर मिलने की घटनाएं शामिल हैं। इन घटनाओं से यह आशंका गहराई है कि किसी तकनीकी रूप से माहिर गिरोह की गतिविधि लगातार बढ़ रही है, और नाहिया क्रेशर की यह घटना इस शक को और मजबूत करती है।

Next Post

परिवार पर हमला, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई 

Tue Dec 2 , 2025
जबलपुर। मुर्रई में रहने वाले पति पत्नी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि उनके परिवार पर हमला किया गया लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मुन्नी बाई 60 वर्ष पति मुन्ना सिंह निवासी कांटी, मुर्रई ने बताया कि कृष्णा राजपूत, गुड्डु राजपूत, रज्जू राजपूत, अरविन्द राजपूत ने बीती […]

You May Like

Play sound